
देहरादून। गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए आज गोवर्धन पूजा के अवसर पर पूर्वाह्न पौने बारह बजे पूरे विधि विधान के साथ बंद हो गए। श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया चल रही है।
बुधवार सुबह भैया दूज पर श्री केदारनाथ के कपाट सुबह 8.30 बजे बंद होंगे। बाबा केदारनाथ जी की पंचमुखी चल विग्रह डोली श्री मंदिर में स्थापित हो गई है। इसकी लगातार पूजा अर्चना की जा रही है। सुबह 8 बजे बाबा के कपाट बंद हो जाएंगे।
श्री यमुनोत्री धाम के कपाट भी विधि विधान से भैया दूज पर ही बंद होंगे। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 18 नवंबर को अपराह्न 3.33 बजे बंद होंगे। श्री बदरी केदार मंदिर समिति के अनुसार गोवर्धन पूजा तक श्री बदरी-केदार में दर्शनार्थियों की संख्या 3756648 से ज्यादा पहुंच गई है। श्री केदारनाथ धाम में ही यात्रियों की संख्या 1955415 तक पहुंच गई है।
श्री गंगोत्री धाम में आज कपाट बंद होने तक कुल 904869 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जबकि श्री यमुनोत्री धाम में अब तक 735040 दर्शनार्थी दर्शन को पहुंचे। चार धामों में इस समय मौसम काफी ठंडा हैं। हल्की बारिश और हिमपात के बीच यहां यात्री लगातार आ रहे हैं। जबकि द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर जी के कपाट 22 नवंबर को शीतकाल हेतु बंद होंगे। अभी तक 12 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये।