रिलायंस ज्वैल्स डकैती घटना में बदमाशों की दो बाइक मिली
डकैती डालने वाले बदमाशों को पाताल से भी खोज निकालेगी पुलिसः एसएसपी

देहरादून। देहरादून के व्यस्ततम राजपुर रोड पर रिलायंस ज्वेलरी शो रूम में दिन दहाड़े हुए करोड़ों की जेवरात डकैती घटना में पुलिस ने बदमाशों द्वारा प्रयोग में लायी दो बाइक बरामद कर ली है। इसके अलावा पुलिस को कुछ और सुराग हाथ लगे हें। एसएसपी अजय कुमार का दावा है कि पुलिस को चुनौती देने वाले बदमाशों को कहीं से भी खोज कर लाएँगे।
गुरुवार सुबह ही रिलायंस के ज्वेलरी शो रूम में हथियार बंद बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। शो रुम खुलते ही कुछ हथियार बंद बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड और कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर ले लिया और फिर करीब 20 करोड़ के जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार हथियार बंद बदमाश मास्क पहनकर आए थे। यह वारदात तब हुई जब राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमति द्रौपदी मुर्मु देहरादून में मौजूद थी। उनकी सुरक्षा व्यवस्था में ही अधिकांश चौक चारोहों और शहर में पुलिस को अलर्ट मोड में रखा गया था।
पुलिस के अनुसार जब शो रुम खुला, तब वहां 11 कर्मचारी थे। उनमें अधिकांश महिलाएं थी। सभी बदमाश नकाब लगाकर आए और गन प्वाइंट पर कर्मचारियों को रखकर जेवरात समेट कर फरार हो गए। बदमाशों ने वहां की महिलाओं से ही शो केश में रखे गहनों को रखवाया। करीब आधे घंटे में उन्होंने इस वारदात को अँजाम दिया और लौटते वक्त सभी कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए किचन में बंद कर वहां से फरार हो गए। ये बदमाश बाइक से शो रुम में पहुंचे थे। उस समय शो रूम में कोई ग्राहक भी नहीं पहुंचा था। आश्चर्य की बात यह है कि इतने व्यस्त सड़क होने के बावजूद किसी को इस डकैती की खबर नहीं लगी।
एसएसपी अजय कुमार ने बदमाशों की इस चुनौती को स्वीकार करते हुए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तत्परता से सघन चैकिंग की गई। जिसके कारण बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस के अनुसार हथियार बंद बदमाशों द्वारा प्रयोग में लाई गई मोटर साइकिल बरामद कर ली गई है। जल्द ही पूरे घटना का खुलासा करते हुए बदमाशों को कहीं से भी खोजकर लाया जाएगा।